सोनभद्र। मानव तस्करी के संगठित गिरोह के खिलाफ सोनभद्र पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर विभिन्न राज्यों में बेचने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए आगरा और जयपुर तक फैले मानव तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों तथा मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना रॉबर्ट्सगंज पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 137(2), 143(4), 98, 61(2), 64(2)(m) बीएनएस एवं धारा 16/17 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को उपनिरीक्षक योगेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं विवेचना में सामने आया कि अभियुक्तों ने एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर विभिन्न राज्यों में मानव तस्करी गिरोह के सदस्यों के माध्यम से आर्थिक लाभ के उद्देश्य से कई व्यक्तियों को सौंपा और बेचा। इस दौरान पीड़िता का शारीरिक एवं मानसिक शोषण भी किया गया।विवेचना में यह भी प्रकाश में आया कि गिरोह के सदस्यों द्वारा बालिका के बदले लाखों रुपये का लेन-देन किया गया। पीड़िता के न्यायालय में दिए गए बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सिद्ध पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में विपिन पुत्र रमाशंकर उर्फ गन्नू निवासी दुमदुमा थाना चुनार जनपद मिर्जापुर तथा काजल उर्फ मंजू पत्नी पवन चौधरी निवासी थाना कोन जनपद सोनभद्र शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल संजीव राय, हेड कांस्टेबल संदीप राय, कांस्टेबल मनीष यादव एवं महिला कांस्टेबल आकृति मिश्रा शामिल रहीं। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश एवं नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है। पॉक्सो एक्ट एवं विधिक प्रावधानों के अनुपालन में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









