October 10, 2026 7:42 am

पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 58.75 लाख की अफीम-डोडा बरामद

सोनभद्र। थाना चोपन पुलिस, थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 58.75 लाख रुपये मूल्य की अफीम, डोडा, एक कार तथा अवैध असलहा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोपन, थाना रॉबर्ट्सगंज एवं एसओजी की टीम संयुक्त चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपितों ने कई बार पुलिस वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीछा करने के दौरान सलखन क्षेत्र में एसओजी का वाहन खराब हो गया। इस पर स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने तत्काल अपनी निजी कार पुलिस टीम को उपलब्ध कराकर सहयोग किया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए विरंजुआ क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रिंस पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ख्वाजके थाना मेहरबान जनपद लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह डाल्टनगंज से मादक पदार्थ खरीदकर लुधियाना ले जा रहा था और इसी अवैध कारोबार से आजीविका चलाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 किलोग्राम अफीम, 225 किलोग्राम डोडा, एक होंडा सिटी कार, एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 58.75 लाख रुपये बताई गई है। इस संबंध में थाना चोपन में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस की सहायता करने वाले प्रदीप कुमार मोदनवाल को उनके साहस और सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!