सोनभद्र। प्रदेश सरकार ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डॉ. रमेश कुमार मिश्रा को सोनभद्र का नया मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) नियुक्त किया है। इस संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर उन्हें तत्काल प्रभाव से जनपद में तैनाती प्रदान की गई है। जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठता क्रमांक-10896 वाले डॉ. रमेश कुमार मिश्रा वर्तमान में चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशालय, लखनऊ में वरिष्ठ परामर्शदाता के पद पर कार्यरत थे। शासन ने उन्हें सोनभद्र के रिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. मिश्रा की नियुक्ति से जनपद के स्वास्थ्य विभाग को नया नेतृत्व मिला है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत किया है। शासन के आदेश के बाद जल्द ही डॉ. रमेश कुमार मिश्रा के कार्यभार ग्रहण करने की संभावना है, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संचालन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









