सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता )बभनी थाना क्षेत्र के रन्दह रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से एक 17 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रन्दह के सागसोती गांव में पागन नदी से बालू लादकर आसनडीह की तरफ जा रहे एक ट्रैक्टर के साथ हुआ। रन्दह बाजार के समीप अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क पर ही पलट गया।हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व प्रधान संजय गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और जेसीबी की मदद से पलटे हुए ट्रैक्टर को सीधा कराकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।मृतक की पहचान करचाटोला निवासी अवधेश (17 वर्ष) पुत्र कैलाश यादव के रूप में हुई है। अवधेश को गंभीर हालत में बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही हादसे में राजेश (18) पुत्र नन्दकेश्वर, अरविंद (19) पुत्र पारस और छोटूराम (17) पुत्र लखन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन बेहतर इलाज के लिए तीनों घायलों को अम्बिकापुर (छत्तीसगढ़) ले गए हैं, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









