सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं व्यापारी सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारू द्विवेदी ने की।गोष्ठी में सर्राफा व्यवसायियों, व्यापारियों, बैंक मित्रों, माइक्रो फाइनेंस कर्मियों, प्रभारी निरीक्षक यातायात, टोल प्लाजा प्रबंधकों तथा अन्य संबंधित लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. चारू द्विवेदी ने व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित रखने, अधिक धनराशि के लेन-देन में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के संबंध में भी जागरूक किया गया। बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भारी वाहनों के संचालन, टोल प्लाजा पर ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी यातायात ने सभी उपस्थित लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करने की अपील की।गोष्ठी में व्यापारी सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा जनपद में सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









