जनसुनवाई में एसपी का कड़ा रूख: जनता की समस्या सर्वोच्च प्राथमिकता पीड़ितों को मिले तुरंत न्याय के निर्देश_
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पूर्ण तत्परता के साथ सुना।कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य पुलिस संबंधी मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक जांच की जाए तथा पीड़ितों को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए।एसपी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर दूर करें। थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में भ्रमण कर पीड़ित व्यक्तियों की हर संभव मदद करें और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और जनता के मध्य विश्वास, संवाद एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है।









