सोनभद्र। पुलिस विभाग में एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस दौड़ पड़ी है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कोन, चोपन और रायपुर सहित कई थानों के प्रभारी निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। इससे पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व में भी सोनभद्र पुलिस में बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों के तबादले किए जाते रहे हैं। जारी आदेश के अनुसार रायपुर थाना प्रभारी रहे अविनाश सिंह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात विमलेश सिंह को रायपुर थाने की कमान सौंपी गई है। इसी प्रकार कोन थाना प्रभारी संजीव सिंह को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है तथा चोपन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा को कोन थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के पद पर कार्यरत गोपाल जी गुप्ता को चोपन थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। स्थानांतरण के बाद संबंधित अधिकारियों ने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस विभाग के इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण पर विशेष नजर रहेगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









