सोनभद्र। जनपद में बढ़ते डस्ट प्रदूषण को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर पंचायत डाला, ओबरा और अनपरा के धूल प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन स्मोक गन के माध्यम से जल छिड़काव कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यह विशेष अभियान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक संचालित किया जाए, ताकि आमजन को धूल प्रदूषण से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को नगर पंचायतों द्वारा कराए जा रहे छिड़काव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में संचालित कंपनियों और क्रशर प्लांटों का नियमित निरीक्षण कर अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि सड़क किनारे फ्लाई ऐश अनाधिकृत रूप से फेंकी हुई पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर जनपदवासियों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी आर.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









