सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उद्यमियों और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया। जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल पिछले लगभग तीन वर्षों से जनपद में औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाने की मांग करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन छोटे उद्यमियों के लिए भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित कर उन्हें स्थान दिया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने रॉबर्ट्सगंज नगर में सीएनडीएस द्वारा बनाई गई नालियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़कों का पानी नालियों में जाने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इससे आगामी बरसात में नगरवासियों को भारी जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यम योजना के लाभार्थियों को बैंकों द्वारा ऋण न मिलने तथा उत्पीड़न और शोषण किए जाने का भी मामला उठाया गया। व्यापार मंडल ने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा पर्यटन विभाग से जनपद के स्थानीय खाद्य उत्पादों को बढ़ावा देने की मांग करते हुए कहा गया कि वन डिस्ट्रिक्ट वन फूड योजना में गुलाब जामुन के साथ-साथ गुड़ की जलेबी और समोसे को भी शामिल किया जाए, जिससे स्थानीय व्यापारियों को पहचान और लाभ मिल सके। लंबित लाइसेंसों को शीघ्र जारी करने की भी मांग की गई। बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला महामंत्री राजेश बंसल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, नगर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









