सोनभद्र। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी बीएन सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं व आम नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि मतदान एक पवित्र अधिकार है और स्वच्छ लोकतंत्र के लिए जाति-धर्म से ऊपर उठकर योग्य जनप्रतिनिधि का चयन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और मतदान पर्चियों का वितरण किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से लोकतंत्र और मतदान के महत्व को दर्शाया। वहीं कई छात्र-छात्राओं ने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन भी सौंपे। सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करना चाहिए। अपर जिलाधिकारी वागीश शुक्ला ने भी वोट की अहमियत पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एडीएम रोहित यादव, एडीएम न्यायिक रमेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी हेमंत सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello








