October 24, 2026 6:20 pm

पुलिस-गौ तस्करों की मुठभेड़, दो घायल होकर गिरफ्तार, एक मुख्य आरक्षी भी घायल, 9 गोवंश व हथियार बरामद

सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र के ग्राम केवली स्थित खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहे के पास गुरुवार को पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो गौ तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, गौ तस्करों द्वारा पिकअप वाहन से टक्कर मारने पर एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपद में चलाए जा रहे गौ-तस्करी विरोधी अभियान के तहत थाना घोरावल, करमा व शाहगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की पिकअप से गौवंशों को मध्य प्रदेश बॉर्डर से बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर तीनों थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरता देख तस्करों ने भागने का प्रयास किया और पिकअप से एक मुख्य आरक्षी को टक्कर मार दी। इसके बाद तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दो के पैर में गोली लगी, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार की पहचान चालक सिद्धनाथ खरवार उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम अमहरा थाना अधौरा जिला कैमूर (बिहार) तथा वाहन मालिक ओमप्रकाश यादव उम्र 30 वर्ष निवासी चैनपुर भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 9 गोवंश (जिसमें एक मृत अवस्था में), बिना नंबर प्लेट की एक पिकअप, 2 अवैध तमंचे (.315 बोर), 2 जिंदा कारतूस व 2 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी और घायल मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को उपचार के लिए सीएचसी घोरावल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और लंबे समय से गौ तस्करी में लिप्त हैं। गोवंशों को मध्य प्रदेश बॉर्डर से लादकर बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल वध के लिए भेजा जाता था। पुलिस के अनुसार दो अन्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना घोरावल में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!