सोनभद्र (दुद्धी) दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली खेल मैदान में चल रहे 78वें श्री राजा बरियार शाह अंतर्राज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट के चौथे दिन खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। तीनों मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक देर शाम तक तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। दिन का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला भवनाथपुर (झारखंड) और राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) के बीच खेला गया। पहले हाफ में राबर्ट्सगंज की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए चार गोल दागे, जबकि भवनाथपुर की टीम एक गोल ही कर सकी। हाफ टाइम तक स्कोर 4–1 रहा। दूसरे हाफ में राबर्ट्सगंज ने एक और गोल कर स्कोर 5–1 कर दिया। इस तरह राबर्ट्सगंज सोनभद्र ने भवनाथपुर झारखंड को चार गोल के अंतर से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला डंडई (झारखंड) और मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) के बीच खेला गया। पहले हाफ में डंडई के 15 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी पवन सिंह ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 17 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी अंकित ने दूसरा गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। दोनों टीमों के प्रयासों के बावजूद स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ और डंडई झारखंड ने मिर्जापुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरा मुकाबला महुली बी और प्रतापपुर (छत्तीसगढ़) के बीच खेला गया, जो पूरे दिन का सबसे रोमांचक मैच रहा। पहले हाफ में प्रतापपुर ने दो गोल कर बढ़त बनाई। दूसरे हाफ में महुली बी ने एक गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाया। इसके बाद प्रतापपुर ने तीसरा गोल किया, वहीं महुली बी ने तुरंत दूसरा गोल दागकर दबाव बनाया, लेकिन अंततः प्रतापपुर छत्तीसगढ़ ने महुली बी को 3-2 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। सभी मुकाबलों में रेफरी दीपक सिंह तथा लाइनमैन राजनाथ गोस्वामी, राजकपूर कन्नौजिया और विजेंदर कन्नौजिया ने निष्पक्ष एवं सराहनीय भूमिका निभाई। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कन्नौजिया, पंकज गोस्वामी, अमित कुमार कन्नौजिया, संरक्षक वीरेंद्र चौधरी, अमरेश कुमार कन्नौजिया, रामकेश जायसवाल, बुंदेल चौबे, विवेक कुमार कन्नौजिया, खेल प्रभारी दिलीप कुमार कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी दर्शक मौजूद रहे। दर्शकों की भारी भीड़ से महुली खेल मैदान दिनभर गुलजार रहा।
Author: Pramod Gupta
Hello









