सोनभद्र। बीजपुर (विनोद गुप्त) जनवरी की शुरुआत के साथ ही बीजपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।शनिवार को सुबह से ही पूरा क्षेत्र घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया।दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण सामान्य जनजीवन पर इसका गहरा असर पड़ रहा है। सुबह की शुरुआत इतने घने कोहरे के साथ हुई कि सड़कों पर चंद मीटर की दूरी भी साफ दिखाई नहीं दे रही थी। इसके चलते बीजपुर रेणुकूट मुख्य मार्ग समेत अन्य लिंक रोड पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। भारी वाहनों और यात्री बसों के आवागमन में देरी होने से मुसाफिरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ कोहरे ने केवल इंसानों को ही नहीं बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों को भी बेहाल कर दिया है। भीषण ठंड के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। चौक-चौराहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का जतन करते दिखे। ठंड और कोहरे की वजह से पशु भी ठिठुरते नजर आए वहीं पक्षियों की चहचहाहट भी कोहरे के कारण मौन रही।कोहरे के कारण लगातार बढ़ रही ठंड को लेकर किसानों में मिश्रित प्रतिक्रिया है। जहाँ गेहूँ की फसल के लिए यह मौसम अच्छा माना जा रहा है वहीं दलहनी तेलहनी फसलों पर पाला गिरने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक कोहरे का यह सिलसिला जारी रह सकता है जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
Author: Pramod Gupta
Hello









