सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी ब्लॉक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास से जुड़े विभिन्न सूचकों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य एवं पोषण विभाग को आपसी समन्वय बढ़ाते हुए गर्भवती महिलाओं और शिशुओं से संबंधित योजनाओं को शत-प्रतिशत संतृप्त करने के निर्देश दिए। योजनाओं से वंचित लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं से जोड़ने को कहा गया। टीकाकरण की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आमजन को टीकाकरण की तिथि व समय की जानकारी देकर जागरूक करने के निर्देश दिए, जिससे सभी लक्षित बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध उपकरणों एवं सामग्री को उपयोग योग्य रखने तथा खराब उपकरणों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए गए।शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्राथमिक से उच्च प्राथमिक स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन पर संतोष व्यक्त किया गया, जबकि उच्च प्राथमिक से माध्यमिक स्तर पर नामांकन बढ़ाने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को आगामी सत्र के लिए योजनाबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए गए। महिला साक्षरता दर बढ़ाने के उद्देश्य से 15 वर्ष से अधिक आयु की निरक्षर महिलाओं का ‘उल्लास ऐप’ पर पंजीकरण कर मार्च 2026 में होने वाली नव भारत साक्षरता अभियान परीक्षा में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों में शौचालय, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की सक्रियता के लिए पंचायती राज विभाग से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। कृषि विभाग को किसानों के साथ बैठक कर मृदा परीक्षण, खाद-बीज मार्गदर्शन एवं सूक्ष्म सिंचाई उपकरणों के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने तथा सूक्ष्म सिंचाई सूचक में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिला उद्यान अधिकारी से स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। वित्तीय समावेशन की समीक्षा करते हुए अग्रणी बैंक प्रबंधक को केंद्र सरकार की पेंशन, बीमा एवं ऋण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और दावा निस्तारण को प्रभावी ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए गए। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को प्रभावी एक्शन प्लान बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया, जिससे जनपद व ब्लॉक स्तर पर योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे और विकास रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित हो सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









