– 45 लीटर कच्ची शराब व 300 किलो लहन बरामद, 5 भट्ठियां नष्ट
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार 23 दिसंबर 2025 को बड़ी कार्रवाई की गई।अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक रविनंदन (क्षेत्र-2) द्वारा मय स्टाफ थाना बभनी एवं बीजपुर अंतर्गत पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से चैनपुर राय कॉलोनी एवं लालडिहवा के आसपास संदिग्ध घरों, स्थलों एवं झुग्गी-झोपड़ियों पर प्रभावी दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान मौके से लगभग 45 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं करीब 300 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मौके पर ही 5 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए लहन को नष्ट किया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 3 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को अवैध नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें अवैध मदिरा एवं नशे के सेवन तथा व्यापार से दूर रहने की शपथ दिलाकर जागरूक किया।इसके अतिरिक्त आबकारी टीम द्वारा देशी शराब दुकान बभनी, कंपोजिट दुकान बभनी, बकरिहवा एवं बचरा मोड़ (महुअरिया) का आकस्मिक निरीक्षण कर स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी टीम में प्रधान/आबकारी सिपाही अफजल सिद्दीकी, धर्मेंद्र सिंह, सरिता देवी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









