सोनभद्र। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तेजस्वी किसान मार्ट द्वारा ग्राम पंचायत खुटहनियां में महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) प्रशिक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना तथा नए स्वयं सहायता समूहों के गठन पर विचार-विमर्श करना रहा।कार्यक्रम में ई. प्रकाश पाण्डेय, संस्थापक तेजस्वी संगठन ट्रस्ट, की प्रमुख उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रियंका देवी ने की, जबकि संचालन आराधना मौर्या द्वारा किया गया। इस अवसर पर जगदीश कुमार, मिशन प्रबंधक करमा ब्लॉक तथा संतोष कुमार मौर्य, पंचायत मित्र खुटहनियां भी मौजूद रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए ई. प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाना ही परिवार, समाज और देश के विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि तेजस्वी संगठन वर्ष 2012 से सामाजिक कार्यों में सक्रिय है, जो पहले तेजस्वी युवा समिति के रूप में और बाद में तेजस्वी संगठन न्यास (2022) के रूप में पंजीकृत हुआ। वर्तमान में संगठन राज्यस्तरीय विस्तार के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी किसान मार्ट किसानों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है तथा यह मंच देश के 22 राज्यों में लगभग 7000 किसान उत्पादक कंपनियों (एफपीओ) से जुड़ा हुआ है। उत्पादक से उपभोक्ता तक सीधी और मजबूत बाजार व्यवस्था स्थापित करना इसका मुख्य लक्ष्य है। बीते एक वर्ष में बिहार, उत्तर प्रदेश, गुजरात एवं पश्चिम बंगाल में 9 आउटलेट सफलतापूर्वक शुरू किए गए हैं। मिशन प्रबंधक जगदीश कुमार ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन का लक्ष्य प्रत्येक महिला को स्वरोजगार से जोड़ना है और तेजस्वी किसान मार्ट के स्टोरों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को स्थायी मार्केट लिंकेज प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रियंका देवी ने संगोष्ठी को महिलाओं के लिए नई दिशा देने वाला बताया। अनीता देवी ने महिलाओं से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं आराधना मौर्या ने कहा कि प्रशिक्षण, संसाधन और बाजार उपलब्ध कराकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रियंका देवी, अनीता देवी, आराधना मौर्या, खुशबू देवी, श्वेता तिवारी, सरिता, अंजना कुमारी, रेशमा देवी, सविता देवी, प्रिया सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं—विद्यावती देवी, सरोज देवी, कुं. तारा, कमलावती देवी, मुस्कान मौर्या, काजल मौर्या, लक्ष्मी देवी, सुनीता, पूजा कुमारी एवं मालती देवी उपस्थित रहीं।संगोष्ठी के अंत में यह निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत खुटहनियां के सभी राजस्व ग्रामों में शीघ्र नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।
Author: Pramod Gupta
Hello









