सोनभद्र। केनरा बैंक के असिस्टेंट मैनेजर 33 वर्षीय अब्बास अहमद जैदी ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार को होटल कर्मियों ने कमरे का दरवाज़ा तोड़कर शव बरामद किया। सूचना मिलते ही सीओ नगर रणधीर मिश्रा मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच कर रही है। बताया गया कि अब्बास अहमद जैदी वाराणसी के गोविंदपुरा दालमंडी के निवासी थे और केनरा बैंक के मकबूल आलम रोड, वाराणसी स्थित मंडल कार्यालय में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। वे सोमवार को बैंक कार्य से सोनभद्र आए थे और परासी स्थित शाखा में कार्य संबंधी जानकारी ली थी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लोन को लेकर तनाव का उल्लेख है। परिजनों के अनुसार उनकी शादी आगामी 28 दिसंबर को तय थी, जिसको लेकर वे मानसिक दबाव में थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
Author: Pramod Gupta
Hello









