सोनभद्र। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भाजपा सोनभद्र द्वारा घोरावल विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार और भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि एकता पदयात्रा के जरिए भाजपा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को और सशक्त बनाने का संदेश दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने की अपील की। पदयात्रा में शामिल होने के लिए क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता हनुमान मंदिर प्रांगण, शाहगंज में एकत्र हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि यह पदयात्रा राष्ट्र के प्रति निष्ठा, श्रद्धा और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यात्रा एक भारत- श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती है तथा सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण में सभी वर्गों की समान भागीदारी का संदेश देती है। पदयात्रा शाहगंज से होते हुए संत भगवानानन्द पब्लिक स्कूल के प्रांगण में पहुँची, जहाँ स्वच्छ, शांतिपूर्ण और सद्भावपूर्ण समाज के संकल्प के साथ इसका समापन किया गया। इस अवसर पर घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्या, जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व सांसद रामशकल, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, अशोक मिश्रा, अजीत चौबे, जिला प्रवासी रमेश दूबे, नागेश्वर देव पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, जिला महामंत्री अमरनाथ पटेल, कृष्णमुरारी गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक प्रसन्न पटेल, सीमा गुप्ता, मनीष पटेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello








