October 24, 2026 7:25 pm

सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी के बावजूद नहीं थम रहा खून का सिलसिला

– वाराणसी-शक्तिनगर किलर रोड पर फिर हादसा

सोनभद्र। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुप्रीम कोर्ट तक इस सड़क को “किलर रोड” का दर्जा दे चुकी है, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं। आए दिन इस मार्ग पर वाहन दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती हैं, जिससे न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि यात्री भी भयभीत रहते हैं। शनिवार को एक बार फिर इस मौत के रास्ते ने लोगों को दहला दिया। जानकारी के अनुसार हिन्दुआरी मोड़ से पहले स्थित बिच्छी पेट्रोल पंप के पास एक तेज़ रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से नज़दीकी अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि वाहन वाराणसी की ओर जा रहा था और सड़क पर बने गड्ढों और असंतुलित डिवाइडर की वजह से चालक ने नियंत्रण खो दिया। गौरतलब है कि इस मार्ग पर अब तक सैकड़ों लोगों की जानें जा चुकी हैं। आए दिन किसी न किसी मोड़, पुलिया या ढलान पर हादसे होना आम बात हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने असमतल पैच, टूटे किनारे, लापरवाह ड्राइविंग और ओवरलोड वाहनों की वजह से यह हाईवे एक ‘मौत का गलियारा’ बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण पर अरबों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन गुणवत्ता के नाम पर सब कुछ कागज़ी साबित हो रहा है। सड़क सुरक्षा के नाम पर न तो पर्याप्त साइन बोर्ड लगे हैं, न ही रात्रि में रिफ्लेक्टर या स्ट्रीट लाइट्स काम कर रही हैं।जनता की मांग है कि शासन और एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) जल्द से जल्द इस मार्ग पर तकनीकी सुधार, उचित सिग्नलिंग और पुलिस गश्त बढ़ाने के ठोस कदम उठाए, ताकि किलर रोड की यह काली पहचान आखिरकार मिट सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!