– 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी, आगरा रेलवे से हुआ तबादला
सोनभद्र (समर सैम) उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए सोनभद्र जिले की कमान 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक वर्मा को सौंपी है। आदेश जारी होने के बाद वे जल्द ही सोनभद्र में कार्यभार ग्रहण करेंगे। अभिषेक वर्मा अब तक रेलवे पुलिस आगरा (GRP) में पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात थे। इससे पहले भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता और अनुशासनप्रिय छवि से पहचान बनाई है। वे 25 दिसंबर 1990 को जन्मे हैं और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। उनके पिता का नाम राम लाल वर्मा है। वर्मा को अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें 26 जनवरी 2021 को डीजी कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) और 26 जनवरी 2023 को डीजी कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) से नवाजा गया था। यह उपलब्धियाँ उनकी सेवा भावना और कार्यकुशलता को दर्शाती हैं। राज्य सरकार ने इस बार कुल 16 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है, जिनमें से 10 जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं। सोनभद्र जैसे जिले में, जहाँ सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और खनन गतिविधियों पर निगरानी जैसी अहम जिम्मेदारियाँ रहती हैं, वहाँ नई नियुक्ति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए पुलिस अधीक्षक के रूप में अभिषेक वर्मा जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करेंगे तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देंगे। सोनभद्र, उत्तर प्रदेश का खनिज संपदा से भरपूर जिला होने के कारण अक्सर सुर्खियों में रहता है। यहाँ अवैध खनन, जंगल क्षेत्रों की सुरक्षा, तथा नक्सली गतिविधियों की रोकथाम जैसी चुनौतियाँ पुलिस प्रशासन के सामने रहती हैं। ऐसे में वर्मा की नियुक्ति से शासन-प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था पर और अधिक फोकस किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में वे जनसमस्याओं को सुनने और पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









