सोनभद्र/बभनी (नरेश गुप्ता )स्थानीय थाना क्षेत्र के बरवाटोला ब ग्राम पंचायत में ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होने का मामला सामने आया है। प्रशासन द्वारा अवैध क्लिनिक को छह महीने पहले बंद करने के बावजूद, झोलाछाप डॉक्टर ने अपने घर को ही क्लिनिक में बदल लिया है जानकारी के अनुसार, बरवाटोला (ब) ग्राम पंचायत के पास बचरा ग्राम पंचायत में एक निजी मकान में अवैध क्लिनिक संचालित था। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन ने क्लिनिक पर ताला लगाकर इसे बंद कर दिया था। लेकिन झोलाछाप डॉक्टर अब अपने घर पर गरीब, असहाय और अशिक्षित लोगों को लूटने का काम कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस डॉक्टर के इलाज से कई दुष्परिणाम हुए हैं और अगर भविष्य में रोक नहीं लगी, तो गंभीर हादसे हो सकते हैं। घर-घर जाकर इलाज कराने वाले ग्रामीण लगातार जोखिम में हैं। ग्रामीणों ने इस बाबत मुख्य चिकित्साधिकारी CMO सोनभद्र को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूर्व शासकीय प्रधान हसनैन ने बताया कि CMO ने कहा था कि डॉक्टर पर FIR दर्ज हो चुकी है और इसके अलावा कुछ नहीं किया जा सकता। सीएचसी अधिक्षक बभनी, राजन सिंह ने बताया कि छह महीने पहले अवैध क्लिनिक को सील कर दिया गया था और स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई थी। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई जारी है। एडीशनल CMO जीएस यादव ने कहा कि अगर डॉक्टर अभी भी अपने निजी मकान पर अवैध क्लिनिक चला रहे हैं, तो टीम भेजकर कार्रवाई की जाएगी









