सोनभद्र (करमा) आंगनबाड़ी कार्यकत्री की लापरवाही से ग्राम पंचायत बारी महेवा के एक युवक को 99 हजार रुपये की ठगी का शिकार होना पड़ा। केवाईसी (KYC) अपडेट के नाम पर ठगों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री की मदद से गांव के लोगों की जानकारी जुटाई और युवक के खाते से पूरी रकम उड़ा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारी महेवा गांव में किशोरियों और प्रसूताओं के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा केवाईसी कराया जा रहा था। नियमों की अनदेखी कर यह कार्य घर बैठे फोन के जरिए किया जा रहा था, जिसमें लाभार्थियों से ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी मांगी जा रही थी। इसी दौरान ठगों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से लाभार्थियों की सूची मांगी। कार्यकत्री ने लापरवाही दिखाते हुए नाम-पते सहित विवरण साझा कर दिया। सूची में शामिल सेराज नामक युवक की पत्नी का नाम भी था। ठग ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के माध्यम से सेराज से संपर्क साधा और खुद को जिला अधिकारी बताते हुए उसकी पत्नी का केवाईसी कराने का बहाना बनाया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री के कहने पर सेराज ने फोन पर मांगी गई सारी जानकारी दे दी। इसके बाद ठग ने खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए। खाते में रकम आने के बजाय अचानक कटौती देखकर सेराज को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित सेराज ने तत्काल थाने में तहरीर दी और ऑनलाइन 1030 नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और सीडीपीओ का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दोषी आंगनबाड़ी कार्यकत्री और साइबर ठगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









