सोनभद्र। 29 अगस्त को विकास भवन सभागार में उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी ने की। बैठक में विभागाध्यक्षों, निवेशकों और व्यापारियों ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने नगर में बने नालों को निष्प्रयोज्य बताते हुए कहा कि बरसात में फ्लाईओवर से लेकर पूरा नगर जलमग्न हो जाता है। टूटी ढक्कनों के कारण आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। शर्मा ने हाल ही में व्यापारियों की दुकानों में आग लगने की घटना का जिक्र करते हुए विद्युत सुरक्षा विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनपद सोनभद्र नीति आयोग के आकांक्षी जिलों में शामिल है, लेकिन औद्योगिक क्षेत्र कुछ बड़े घरानों तक सिमट गया है। एमएसएमई को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। इसके अलावा व्यापारियों ने वाणिज्य कर विभाग के सचल दल पर बिना ई-वे बिल के माल पकड़े जाने पर पेनल्टी के बाद भी वाहन छोड़ने में विलंब करने का आरोप लगाया। उपायुक्त उद्योग ने भरोसा दिलाया कि एक वर्ष के भीतर औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी और उद्यमियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। बिजली और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बैठक में उपस्थित न होने के कारण उनकी समस्याओं पर चर्चा नहीं हो सकी। बैठक में उद्योग व्यापार मंडल से राजेश गुप्ता, रमेश जायसवाल, अमित अग्रवाल, नागेंद्र मोदनवाल सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









