सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) बभनी थाना क्षेत्र के भलपहरी ग्राम पंचायत के नवाटोला गांव में शनिवार सुबह एक महिला की मौत विषैले जन्तु के काटने से हो गई। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय फूलबस देवी पत्नी बाजीलाल सुबह घर में कपड़े समेट रही थीं। इसी दौरान कपड़ों में छिपे विषैले जन्तु ने उन्हें डंक मार दिया। डंक लगते ही महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगीं, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन अस्पताल की दूरी अधिक होने और इलाज में देर हो जाने से फूलबस देवी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पंचनामा कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









