सोनभद्र/ शनिवार सुबह पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ में हड़कंप मच गया। हत्या का आरोपी जाहिद उर्फ गुड्डू मिस्त्री पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक दुद्धी राजेश राय के पर्यवेक्षण में, हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। सुबह करीब 5:30 बजे, कनहर नदी श्मशान घाट जाने वाले सुनसान मार्ग पर आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा था। संयुक्त पुलिस टीम ने उसे घेर लिया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी।मौके से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई।गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर, गुड्डू मिस्त्री ने 42 वर्षीय मजदूर शंभू खरवार पर चाकू से गले पर कई वार किए थे, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी फरार हो रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह (विंढमगंज), शेषनाथ पाल, कमल नयन दुबे (म्योरपुर), जयशंकर राय (दुद्धी कस्बा इंचार्ज) सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे









