सोनभद्र। जनपद में आज दिनांक 26 जुलाई 2025 को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी थानों पर आम जन की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा स्वयं थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना पन्नूगंज पर पहुंचे और फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन से संबंधित सभी विवादों का समाधान राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समयबद्ध एवं न्यायपूर्ण तरीके से किया जाए। जिससे फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें शीघ्र न्याय मिल सके। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार ने थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना चोपन में आयोजित समाधान दिवस में भाग लेकर आम नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। गंभीर मामलों को नोट कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। पीड़ितों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से न्याय दिलाया जाए। जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण द्वारा अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस के तहत जनसुनवाई की गई। कुछ समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि जनता को सुलभ, पारदर्शी व प्रभावी न्याय दिलाना भी है। थाना समाधान दिवस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आम नागरिकों का पुलिस एवं प्रशासन पर विश्वास मजबूत हो रहा है।

Author: Pramod Gupta
Hello