सोनभद्र। बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2025 से 28 अप्रैल 2025 तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान की टैगलाइन के तहत संविधान के महत्व और बाबा साहब के योगदान को उजागर करना है।
कार्यक्रमों की मुख्य विशेषताएं
प्रभात फेरी- जिला पंचायतों, विकास खंडों, क्षेत्र पंचायतों और ग्राम सभाओं में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाबा साहब की मूर्ति या चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पण किया जाएगा।
वाद-विवाद और सेमिनार- स्वतंत्रता प्राप्ति और संविधान निर्माण में मनीषियों और विधि वेत्ताओं की भूमिका पर वाद-विवाद, गोष्ठी और सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
व्याख्यानमाला- सरकारी और गैर- सरकारी कार्यालयों में संविधान निर्माण, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया जाएगा।
क्विज और खेल प्रतियोगिताएं- स्कूलों और कॉलेजों में संविधान के उपबंधों और मौलिक अधिकारों पर क्विज और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
सामाजिक सशक्तीकरण- कार्यक्रमों में सामाजिक सशक्तीकरण, महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता से संबंधित चुनौतियों का सामना करने के लिए संविधान के माध्यम से किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। इन कार्यक्रमों का आयोजन खंड विकास अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों के पर्यवेक्षण में किया जाएगा। ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित ग्राम विकास अधिकारी और लेखपाल की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

Author: Pramod Gupta
Hello