सोनभद्र। डाला क्षेत्र में मलिन बस्ती के निवासियों को जिला प्रशासन द्वारा हटाने की नोटिस जारी किए जाने से हड़कंप मच गया है। बस्तीवासियों का आरोप है कि UltraTech Cement के आने के बाद से उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है और अब कोर्ट की नोटिस के माध्यम से उन्हें जबरन हटाने का प्रयास किया जा रहा है। नागेंद्र पासवान ने बताया कि उनका परिवार पिछले तीन पीढ़ियों से आराजी संख्या 113 और 179 पर निवास कर रहा है। उन्होंने कहा, हमारी पूरी जिंदगी यहीं बीत गई। अब जीवन के इस पड़ाव पर हम कहां जाएं? कंपनी आने के बाद से हमारा जीना दूभर हो गया है। बस्तीवासियों के अनुसार लगभग 70 लोगों को नोटिस जारी कर एक महीने के भीतर स्थान खाली करने का निर्देश दिया गया है। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई के दौर में ₹1 लाख रुपये में मकान बनाना संभव नहीं है, जबकि प्रशासन द्वारा ₹1 लाख मुआवजा दिए जाने की बात कही जा रही है। लोगों का आरोप है कि यह राशि पर्याप्त नहीं है और बिना समुचित पुनर्वास के इस प्रकार हटाया जाना उनके मूल अधिकारों के साथ अन्याय है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सरकार गरीबों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि वर्षों से बसे परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बेघर करना न्यायसंगत नहीं है।फिलहाल इस मुद्दे को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नोटिस वापस लेने तथा पुनर्वास नीति लागू करने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









