सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 13 फरवरी 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर किया जा सकता है। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। इसके लिए जन्म तिथि 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) पद हेतु अभ्यर्थी का 10वीं/मैट्रिक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जिसमें कुल न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक तथा प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक होने चाहिए। जिन अभ्यर्थियों के पास LMV/HMV ड्राइविंग लाइसेंस है, उन्हें चालक पद के लिए वरीयता दी जाएगी। वहीं अग्निवीर (तकनीकी) पद के लिए 10+2/इंटरमीडिएट (विज्ञान वर्ग– भौतिकी, रसायन, गणित एवं अंग्रेजी) में न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और देश सेवा के इस गौरवशाली मार्ग को चुनते हुए भारतीय सेना में शामिल होने का सपना साकार करें।
Author: Pramod Gupta
Hello









