सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से सम्बद्ध वाराणसी, चंदौली, भदोही, मीरजापुर व सोनभद्र जनपद स्थित महाविद्यालयों में मंगलवार 17 फरवरी को आयोजित होने वाली एलएलबी प्रथम सेमेस्टर व बीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर (इंग्लिश-1) की बैक/अंक सुधार परीक्षा को परीक्षा नियंत्रक के आदेश पर अचानक स्थगित कर दिया गया।बताया गया कि संत कीनाराम महाविद्यालय, सोनभद्र में नियत समय पर परीक्षा शुरू हो चुकी थी। परीक्षा कक्ष में विद्यार्थियों के बीच प्रश्न पत्र भी वितरित कर दिए गए थे और छात्र उत्तर लिखना शुरू ही किए थे कि इसी बीच परीक्षा नियंत्रक का स्थगन आदेश पहुंच गया। आदेश मिलते ही महाविद्यालय प्रशासन ने आनन-फानन में परीक्षा स्थगित होने की सूचना देते हुए छात्रों से प्रश्न पत्र वापस जमा करा लिए और परीक्षा रोक दी गई। अचानक परीक्षा स्थगित होने से दूर-दराज क्षेत्रों से परीक्षा देने पहुंचे छात्र काफी हैरान और परेशान नजर आए। विद्यार्थियों का कहना था कि बिना पूर्व सूचना परीक्षा स्थगित होने से उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुपालन में परीक्षा स्थगित की गई है। नई परीक्षा तिथि विश्वविद्यालय द्वारा बाद में घोषित की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









