February 17, 2026 5:17 am

बुद्ध के विचारों को आत्मसात करने से कायम होगा अमनचैन- चंद्रसेन पाल

सोनभद्र। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चीरहुली में बुद्ध अम्बेडकर सेवा समिति के तत्वाधान में विगत वर्षों की भांति गौतम बुद्ध महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सारनाथ वाराणसी से पधारे पूज्य भंते बुद्ध ज्योति जी द्वारा तथागत बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन, बुद्ध पूजा, त्रिशरण एवं पंचशील पाठ के साथ हुई।मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रसेन पाल एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश ही नहीं बल्कि पूरा विश्व आतंकवाद, आपसी कलह, आर्थिक तंगी और अंधविश्वास जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन सब से मुक्ति का एकमात्र मार्ग तथागत बुद्ध का मार्ग है। उन्होंने कहा कि बुद्ध ने दुःख, उसके कारण और उसके निवारण का मार्ग बताया है, जिस पर चलकर ही समाज में शांति और खुशहाली स्थापित की जा सकती है। यदि विश्व का प्रत्येक व्यक्ति बुद्ध के विचारों को आत्मसात कर ले तो अमन-चैन और शांति स्वतः स्थापित हो जाएगी। इसके लिए त्रिशरण, पंचशील और अष्टांगिक मार्ग को जीवन में अपनाना आवश्यक है। मुख्य वक्ता डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य, प्रदेश प्रमुख महासचिव जन अधिकार पार्टी ने कहा कि भारत का संविधान तथागत बुद्ध की विचारधारा और सम्राट अशोक के शासन की मूल भावना से प्रेरित है। बाबा साहब द्वारा दिया गया संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति का वोट समान मूल्य रखता है, चाहे वह किसी भी वर्ग से क्यों न हो। विशिष्ट अतिथि विकास शाक्य एडवोकेट एवं जिलाध्यक्ष जन अधिकार पार्टी आदित्य मौर्य ने कहा कि भगवान बुद्ध का धम्म समस्त जीवों के लिए कल्याणकारी है, परंतु इसका लाभ वही व्यक्ति प्राप्त कर सकता है जो इसे अपने जीवन में अपनाता है। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंगला प्रसाद मौर्य ने उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत कुमार मौर्य ने की तथा संचालन रविन्द्र कुमार मौर्य ने किया। इस अवसर पर किरण कुशवाहा, इंदु मौर्य, विजयमल मौर्य, डॉ. ओ.पी. मौर्य, रवि रंजन शाक्य, कृष्णानंद मौर्य (प्रधान), जय प्रकाश, डॉ. पी.के. सिंह, नागेंद्र मौर्य, अरुण सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!