सोनभद्र। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों एवं विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पत्रावलियों के अस्त-व्यस्त रख-रखाव और स्वच्छता के प्रति लापरवाही पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मीटिंग हाल, न्याय सहायक अनुभाग, सामान्य कार्यालय, पासपोर्ट अनुभाग, राजस्व सहायक अनुभाग, ईआरके/आंग्ल अनुभाग, स्थानीय निकाय अनुभाग, रिकॉर्ड रूम, मुख्य राजस्व अनुभाग तथा नजारत अनुभाग का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक पटल पर पहुंचकर लंबित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कर्मचारियों से पत्रावलियों की स्थिति के संबंध में पूछताछ की। जिलाधिकारी ने देखा कि कई अनुभागों में पुरानी फाइलें और महत्वपूर्ण पत्रावलियां सुव्यवस्थित ढंग से नहीं रखी गई हैं। इस पर उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पत्रावलियों का प्रबंधन व्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें खोजने में समय नष्ट न हो और नए कर्मचारियों को भी फाइलें आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि कार्यालय कार्यों का संपादन कराना संबंधित विभागीय अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अधिकारी अपने कार्यों को पूरी तरह अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें। विभागीय आदेशों एवं नियमों का स्वयं अध्ययन कर अपने मार्गदर्शन में ही पत्रावलियों की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर पाई गई त्रुटि के लिए संबंधित अधिकारी ही जिम्मेदार होंगे। कलेक्ट्रेट परिसर की स्वच्छता और सुंदरता को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय कक्षों के साथ-साथ पूरे परिसर में नियमित सफाई बनी रहनी चाहिए तथा सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने अनुभागों में सफाई व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्रा, कलेक्ट्रेट नाजिर बाबू लाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









