सोनभद्र। घोरावल विकास खण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरौल में विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरते जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनरेगा सहित अन्य योजनाओं में भारी धांधली और घोटाला किया गया है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। गांव के स्नातक दिव्यांग निवासी राजेश कुमार कुशवाहा ने खण्ड विकास अधिकारी नितिन कुमार सहित संबंधित उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से कई बार मामले से अवगत कराया है। इसके साथ ही तहसील दिवस में भी शिकायत दर्ज कराई गई, बावजूद इसके अब तक जांच या सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









