सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक अंतर्गत लसड़ा गांव में स्थित राइस मिलों से फैल रहे वायु प्रदूषण के विरोध में ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। राइस मिलों की चिमनियों से लगातार उड़ रही राख और कचरे से परेशान ग्रामीणों ने किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान मोर्चा के संयोजक ने कहा कि राइस मिलों से निकलने वाली राख और अवैध कचरा डंपिंग के कारण लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। पाली, बिजौली, हरहुआ, अमौली, लसड़ा, अक्छोर, रमना, बगर, धोबही, करारी, सिरपालपुर, बेठीगांव सहित 15 से 20 गांवों में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। कई ग्रामीण दमा जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। मोर्चा ने आरोप लगाया कि राइस मिलों द्वारा सिरोही नदी को पाटकर अवैध अतिक्रमण किया गया है, जिससे नदी की निर्मलता और अविरलता नष्ट हो रही है। सिरोही नदी बेलन नदी की सहायक है, ऐसे में भविष्य में बेलन नदी के भी प्रदूषित होने की आशंका जताई गई। इसके अलावा मिलों से जुड़े भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मोर्चा ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी राइस मिलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की, चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन में विजेंद्र पांडेय, संतोष पांडेय, अरुण पांडेय, सोनू पासवान, राजू लोहार, ऋषम चौबे, आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, रामआसरे कनौजिया, दिनेश चेरो, काजू, संदीप, फूलगेना अतवारी, सुनील चुटकुल, मुराहू, अजय सैनी सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









