February 10, 2026 5:48 am

मार्ग निर्माण में अनियमितता व देरी को लेकर भाकपा का सांकेतिक प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

सोनभद्र। पटवध–बसुहारी मार्ग के निर्माण में अनियमितता और अत्यधिक देरी को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सोमवार को सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। भाकपा ब्रांच कमेटी कनछ की बैठक में खस्ताहाल सड़क समेत क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर कार्यकर्ताओं ने गहरा आक्रोश जताया। पूर्व निर्धारित बैठक कनछ के पूर्व प्रधान कामरेड बंधू गोड़ की अध्यक्षता में हुई, जिसमें पार्टी के जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा एवं खेत मजदूर यूनियन के नेता कामरेड अमरनाथ सूर्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने पटवध–बसुहारी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माणाधीन सड़क पर उतरकर लगभग आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पटवध–बसुहारी मार्ग नक्सल प्रभावित कई गांवों के लिए एकमात्र लाइफ लाइन है, जिस पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। इसी मार्ग से जनपद के प्रसिद्ध देवी स्थल अमिला भवानी में दर्शन के लिए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में आते हैं। सरकार जहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं खराब सड़क के कारण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र से जनप्रतिनिधित्व होने के बावजूद लगभग एक वर्ष से सड़क का निर्माण अधूरा है, जो कहीं न कहीं भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। खराब सड़क के कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं और एम्बुलेंस सेवा तक प्रभावित हो रही है।भाकपा जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा ने कहा कि पार्टी ने आज सांकेतिक प्रदर्शन कर चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे शीघ्र पूरा कराया जाए। अन्यथा भाकपा ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी। भाकपा नेताओं ने यह भी जानकारी दी कि 12 फरवरी को श्रमिक संगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में तथा जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकपा जिला कौंसिल द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।प्रदर्शन में प्रमुख रूप से कामरेड प्रेमचंद गुप्ता, हृदय नारायण गुप्ता, कामरेड बूटन प्रसाद, योगेन्द्र चंद्रवंशी, नागेंद्र कुमार, गजानंद, राम शकल भारती, रामचंद्र यादव, रामनाथ गुप्ता, विजय कुमार, संजू मदेशिया एवं विनोद गिरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!