February 10, 2026 5:50 am

हर्षोल्लासपूर्ण मनाया गया एनटीपीसी रिहंद का 44 वां स्थापना दिवस समारोह

सोनभद्र/बीजपुर(विनोद गुप्त)एनटीपीसी रिहंद के 44 वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर परियोजना परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रशासनिक भवन में मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद)संजय असाटी द्वारा एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय असाटी ने अपने संबोधन में कहा कि 9 फरवरी 1983 को भूमि पूजन के साथ रिहंद स्टेज-I की नींव रखी गई थी जिसका वाणिज्यिक संचालन मार्च 1988 में घोषित हुआ। 500 मेगावाट की प्रारंभिक क्षमता से शुरू हुई यह परियोजना आज 3,000 मेगावाट क्षमता वाली सुपर थर्मल पावर परियोजना के रूप में विकसित होकर उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी परियोजना होने का गौरव प्राप्त कर चुकी है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में रिहंद में 20 मेगावाट की सोलर आधारित अतिरिक्त क्षमता निर्माणाधीन है।
श्री असाटी ने कहा कि एनटीपीसी रिहंद उच्च प्रदर्शन करने वाले स्टेशनों में अग्रणी रहा है।वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8 फरवरी 2026 तक परियोजना ने 81.80 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) के साथ 18,494.04 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया है।जनवरी 2026 तक एनटीपीसी रिहंद 81.97 प्रतिशत PLF के साथ एनटीपीसी की परियोजनाओं में चौथे स्थान पर रहा है।पर्यावरण संरक्षण के प्रति एनटीपीसी रिहंद की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 41,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है तथा 9,000 मियावाकी वृक्षारोपण प्रस्तावित है।आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एनटीपीसी द्वारा वन विभाग के साथ 50,000 पौधारोपण हेतु एमओयू किया गया है।इसके अतिरिक्त एनटीपीसी रिहंद द्वारा लगभग 30 मीट्रिक टन प्लास्टिक वेस्ट एवं टीएसडीएफ के माध्यम से 130 मीट्रिक टन स्क्रैप इंसुलेशन का सुरक्षित निस्तारण किया जा चुका है।उन्होंने सामाजिक दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना परिसर स्थित डीएवी विद्यालय में जेम (GEM) योजना के अंतर्गत कुल 70 बालिकाओं का निःशुल्क प्रवेश कराया गया है जिनमें से 60 बालिकाएं वर्तमान में अध्ययनरत हैं।एनटीपीसी रिहंद को व्यावसायिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में सीएसआर एवं ईएमजी विभागों को 2024 एनबीईएम मूल्यांकन में स्वर्ण पुरस्कार मिला इसके अलावा प्रचालन,सुरक्षा,पर्यावरण,मानव संसाधन एवं सीएसआर क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु रिहंद परियोजना को अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
श्री असाटी ने कहा कि विगत 43 वर्षों में एनटीपीसी रिहंद द्वारा अर्जित उपलब्धियों के पीछे कर्मठ एवं समर्पित कर्मचारियों का अमूल्य योगदान रहा है।उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य,पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में परियोजना की सक्रिय भूमिका कि सराहना की।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!