सोनभद्र। अवैध मदिरा के निर्माण बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र तथा उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में 20 फरवरी 2026 को दुद्धी थाना क्षेत्र के सायल, अमवार, स्वीपर बस्ती, बीडर और रझखड़ में सघन छापेमारी की कार्रवाई की गई।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 रविनंदन, क्षेत्र-3 के आबकारी निरीक्षक अमित कुमार तथा आबकारी स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध घरों, स्थलों और झुग्गी-झोपड़ियों में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 25 लीटर कच्ची शराब एवं करीब 250 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। मौके पर ही तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर लहन को नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान टीम ने स्थानीय लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई। आबकारी विभाग ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









