सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ बाजार में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मेन रोड पर शहजादा साहब इंटर कॉलेज के गेट के पास एक अर्धविक्षिप्त युवक का रक्तरंजित शव मिला। युवक की गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मंगरु के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग दस वर्षों से रामगढ़ बाजार व आसपास के क्षेत्रों में भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगरु मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर सड़क किनारे या दुकानों के सामने रात बिताता था।सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पत्रुगंज थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक के पास मौजूद कुछ सामान भी बरामद हुआ है, जिससे लूट या चोरी की नीयत से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









