सोनभद्र। नववर्ष की पूर्व संध्या पर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज अंतर्गत कस्बा एवं मिश्रित आबादी क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजनमानस को सुरक्षा का एहसास कराया गया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से नववर्ष को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं प्रभारी निरीक्षक/थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने सर्किल एवं थाना क्षेत्रों में निरंतर पैदल गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करें। साथ ही नववर्ष के अवसर पर किसी भी प्रकार के हुड़दंग, अराजकता अथवा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय द्वारा थाना शाहगंज, क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार द्वारा थाना ओबरा, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय द्वारा थाना पिपरी, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर द्वारा थाना पन्नूगंज क्षेत्रान्तर्गत रामगढ़, क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय द्वारा थाना दुद्धी क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। गश्त के दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं एवं वाहनों, अराजक तत्वों तथा ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पैदल गश्त एवं चेकिंग के माध्यम से आमजन को आश्वस्त किया गया कि जनपद पुलिस नववर्ष के अवसर पर शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
Author: Pramod Gupta
Hello









