सोनभद्र। अरिहन्त होटल में हुई चोरी की घटना का रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने सफल अनावरण कर चोरी हुए रुपये और मोबाइल बरामद कर पीड़ित को सुपुर्द किया है। दिनांक 23.11.2025 को आगंतुक संतोष त्रिपाठी पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम त्रिपाठी निवासी जानकीपुरम थाना जानकीपुरम लखनऊ वर्तमान में थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र ने थाना रॉबर्ट्सगंज पर प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दिनांक 22/23.11.2025 की मध्यरात्रि लगभग 12:30 से 01:30 बजे के बीच अरिहन्त होटल रॉबर्ट्सगंज में आयोजित जयमाला कार्यक्रम के दौरान उनके बैग में रखा ₹75,000 नकद एवं मोबाइल फोन अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज पर मु.अ.सं. 1172/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम एवं शीघ्र अनावरण हेतु दिए गए निर्देशों के क्रम में इस प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा को सौंपते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम द्वारा जांच के दौरान लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण कराया गया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि चोरी करने वाला व्यक्ति लगभग 900 किमी दूर मध्यप्रदेश के जनपद राजगढ़ थाना गोड़ा क्षेत्र का निवासी निखिल है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम ने लगातार 06 दिनों तक मध्यप्रदेश में रहकर आरोपी की तलाश और माल बरामदगी के प्रयास जारी रखे। थाना गोड़ा पुलिस के सहयोग से चोरी किए गए ₹75,000 नकद एवं मोबाइल फोन को स्थानीय मुखिया की मदद से बरामद किया गया तथा दिनांक 01.12.2025 को विधिवत रूप से पीड़ित को सुपुर्द किया गया। गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा अन्य स्रोतों से तलाश जारी है तथा प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है। बरामद करने वाली पुलिस उ.नि. महेंद्र यादव थाना रॉबर्ट्सगंज, मुख्य आरक्षी चन्द्रकेश पाण्डेय थाना रॉबर्ट्सगंज आरक्षी अविनाश थाना रॉबर्ट्सगंज
Author: Pramod Gupta
Hello









