सोनभद्र। नगर के राबर्ट्सगंज स्थित अनेक मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाइयों व इंजेक्शनों की खुलेआम बिक्री की जा रही है। बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के इन दवाइयों की धड़ल्ले से बिक्री न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह युवाओं को नशे की लत की ओर धकेलने का कार्य भी कर रही है। इस पूरे मामले की तत्काल जांच कर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। नगर ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में बड़ी संख्या में बिना पंजीकरण के मेडिकल स्टोर और हॉस्पिटल संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से ये संस्थान खुलेआम संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे अवैध मेडिकल स्टोरों और हॉस्पिटलों की जांच कर उन्हें तुरंत बंद कराया जाए। यह जनता की प्रमुख मांग है। जनपद के अनेक युवा मेडिकल दुकानों से नशीले इंजेक्शन प्राप्त कर उनका सेवन करने लगे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। नशे की इस बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाना आवश्यक है, ताकि सोनभद्र को नशामुक्त बनाया जा सके। समाजवादी पार्टी सोनभद्र मांग करती है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रतिबंध लगाएं तथा बिना पंजीकरण संचालित मेडिकल स्टोरों और हॉस्पिटलों के विरुद्ध सख्त कदम उठाएं। ज्ञापन देते समय प्रमोद यादव, मनीष कुमार, विजेन्द्र कुमार, मुन्ना कुशवाहा, पुमेर यादव आदि लोग उपस्थित रहे
Author: Pramod Gupta
Hello









