सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना के शताब्दी वर्ष पर चतरा खण्ड में संघ द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया। यह अभियान चतरा खण्ड के सिलथंम मंडल, रामगढ़ मंडल, भुसौलिया, जगदीशपुर, लीलारी, करवनिया तथा अन्य गांवों में संचालित हुआ।अभियान का नेतृत्व खण्ड कार्यवाह लालू प्रसाद, खण्ड प्रचारक राज तथा सह-खण्ड कार्यवाह सुनील सिंह ने किया। स्वयंसेवकों ने सभी पांचों मंडलों में घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और संघ के 100 वर्षों की उपलब्धियों, उद्देश्य तथा समाजिक कार्यों की जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने विशेष रूप से संघ द्वारा प्रोत्साहित पंच-परिवर्तन के सिद्धांतों-
सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी व स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य- को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने पर जोर दिया। अभियान के दौरान पत्रक व पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं, जिनमें संघ के इतिहास, राष्ट्र निर्माण में योगदान और संगठन के विचारों का विस्तृत विवरण दर्ज था। रामगढ़ में निवासियों से सीधे संवाद करते हुए खण्ड कार्यवाह लालू प्रसाद ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में एकता, सद्भाव, सांस्कृतिक मूल्य और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस संपर्क कार्यक्रम से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और अधिक लोग संघ के विचारों से जुड़ेंगे। स्थानीय निवासी बबलू गुप्ता सहित कई लोगों ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों का घर-घर आकर सकारात्मक संदेश देना सराहनीय है। स्थानीय लोगों ने संघ को समाज को जोड़ने और युवाओं को सही दिशा देने वाला संगठन बताया।









