सोनभद्र (समर सैम) जिले में ग्राम विकास, समग्र विकास और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की स्थिति को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने राजधानी लखनऊ में उपमुख्यमंत्री एवं ग्राम विकास तथा ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य से विशेष मुलाकात की। लगभग एक घंटे चली इस बैठक में गांवों में चल रहे निर्माण, मरम्मत, नाली- सड़क कार्य, आवंटित बजट तथा योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। श्रीवास्तव ने मंत्री को बताया कि सोनभद्र के कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं। कुछ ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता बेहद कमजोर है, वहीं कुछ गांवों में स्वीकृत कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई निर्माण स्थल ऐसे हैं जहाँ वास्तविक प्रगति और कागजी विवरण में भारी अंतर देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि ग्राम विकास विभाग की कई योजनाओं में समयबद्ध क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है क्योंकि फील्ड स्तर पर निगरानी कमजोर है। पंचायत स्तर पर प्रस्ताव पास होने के बाद भी अभियंत्रण की लापरवाही के चलते कई कार्य बीच में रुक जाते हैं, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है उपमुख्यमंत्री मौर्य ने इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी लापरवाह अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विभागीय समीक्षा कर संबंधित अभियंताओं व कर्मियों से रिपोर्ट तलब करने का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद श्रीवास्तव ने कहा कि “डबल इंजन सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देती है। सोनभद्र जैसे पिछड़े जिलों में योजनाओं का पारदर्शिता के साथ पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस वार्ता के बाद जिले में गांवों के विकास कार्यों की गति तेज होगी और आमजन को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









