सोनभद्र। युवा कांग्रेस के महासचिव मृदुल मिश्रा ने ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुए भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ब्लास्टिंग के लिए ड्रिलिंग के दौरान पहाड़ी दरकने से कई मज़दूर मलबे में दब गए, जिसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है। महासचिव मिश्रा ने कहा कि “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और शर्मनाक है कि जब मुख्यमंत्री स्वयं आज जनपद सोनभद्र में मौजूद थे और उनका कार्यक्रम स्थल घटना स्थल से कुछ ही किलोमीटर दूर था, ठीक उसी समय यह जघन्य हादसा हुआ। इससे भी गंभीर तथ्य यह है कि खनन विभाग का प्रभार (मंत्रालय) स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। यह दुर्घटना राज्य सरकार, विशेषकर मुख्यमंत्री के नियंत्रण वाले विभाग की घोर लापरवाही और प्रशासनिक विफलता का प्रत्यक्ष उदाहरण है। इससे साफ़ होता है कि अवैध और असुरक्षित खनन माफ़िया को खुली छूट मिली हुई है, जिसके कारण गरीब मज़दूरों की ज़िंदगी लगातार जोखिम में है।”
युवा कांग्रेस की मुख्य माँगें
1. तत्काल एवं युद्धस्तरीय बचाव कार्य
प्रशासन दबे हुए मज़दूरों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाए और हर संभव संसाधन तत्क्षण उपलब्ध कराए।
2. उच्च-स्तरीय जाँच व कड़ी कार्रवाई
कृष्णा माइनिंग वर्क्स, प्रो. दिलीप केशरी और मकसूदन सिंह की खदानों सहित पूरे मामले की उच्च-स्तरीय, समयबद्ध जाँच कराई जाए। दोषी अधिकारियों, खदान मालिकों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
3. पर्याप्त मुआवज़ा एवं इलाज
सभी मृतक मज़दूरों के परिजनों को तत्काल 50 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाए तथा घायलों के निःशुल्क और उच्चस्तरीय इलाज की गारंटी की जाए। श्री मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मुख्यमंत्री के विभाग की इस गंभीर लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई नहीं की और सुरक्षित खनन की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की, तो सोनभद्र युवा कांग्रेस मज़दूरों के न्याय के लिए व्यापक आंदोलन छेड़ेगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









