सोनभद्र। जिले के तीनों प्रमुख व्यापारिक संगठनों उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने संयुक्त रूप से विद्युत विभाग की कार्यशैली के विरोध में मुख्य चौक पर धरना दिया। व्यापारियों की मांग थी कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।व्यापारियों का आरोप है कि विद्युत विभाग मनमानी तरीके से जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के स्पष्ट आदेशों के बावजूद विभाग उपभोक्ताओं की सहमति के बिना कार्रवाई कर रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल जैन ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम उपभोक्ताओं को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जनहित में नहीं हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने आरोप लगाया कि विभाग दोहरे मापदंड अपना रहा है एक ओर व्यापारियों के 5 से 10 हजार रुपये के बकाए पर भी कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर प्रभावशाली लोगों और सरकारी विभागों के लाखों रुपये के बकाए पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद वास्तविक खपत से अधिक यूनिट दर्ज हो रही हैं। शिकायत करने के बावजूद समाधान में कई दिन लग जाते हैं और अधिकारी “सर्वर की समस्या” बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया है। जिलाधिकारी के साथ बैठक के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। धरना स्थल पर प्रमुख रूप से सत्यपाल जैन, विमल अग्रवाल, राजेश गुप्ता, कौशल शर्मा, नरेंद्र गर्ग, राजेश बंसल, प्रमोद गुप्ता, पवन जैन, प्रशांत जैन, आनंद जायसवाल, राजेश जायसवाल, दीप सिंह पटेल, सिद्धार्थ सांवरिया, जसकीरत सिंह, दिलकरण सिंह, प्रतीक केसरी, घनश्याम सिंघल, संदीप जैन, विमल जैन, अजीत जायसवाल, गोल्डी सोखी, अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









