ग्रामीण बोले नशे की हालत में बैलेंस बिगड़ने से हादसा
ग्रामीणों की मदद से शव को निकाला गया
सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान धर्मेंद्र मौर्या 31 वर्ष पुत्र हरिचरन मौर्या निवासी खलियारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र अपने घर के आंगन में स्थित कुएं के पास नशे की हालत में गया था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में गिर पड़ा। कुछ देर बाद उसके जीजा ने उसे पानी में छटपटाते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक धर्मेंद्र पानी में डूब चुका था। थोड़ी देर बाद शव पानी के ऊपर उतराता दिखाई दिया। सूचना पाकर रायपुर थाना पुलिस के उपनिरीक्षक अमरेन्द्र प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से इंजन लगाकर कुएं का पानी निकाला गया और शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम हेतु जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। मृतक धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के समय उसके माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
Author: Pramod Gupta
Hello









