December 12, 2025 5:29 am

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार जगुआर ने मचाई तबाही, एक की मौत, कई गंभीर

प्रयागराज (समर सैम) छोटी दीपावली की शाम जहां शहर भर में रौनक और खरीदारी का माहौल था, वहीं राजरूपपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक बेकाबू जगुआर कार ने बाजार में अचानक घुसकर तबाही मचा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा रविवार को धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर बाजार में हुआ, जब लोग दीपावली की खरीदारी में व्यस्त थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार जगुआर ने पहले दो चारपहिया और पांच दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद आठ लोगों को बेरहमी से रौंद डाला। हादसे में एक इलेक्ट्रीशियन की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, जिस जगुआर कार से हादसा हुआ, वह प्रयागराज के मशहूर मिठाई कारोबारी परिवार की बताई जा रही है। यह गाड़ी KSN Food LLP के नाम पर पंजीकृत है, जिसका पता आरटीओ दस्तावेजों में 122 लूकरगंज दर्ज है। हादसे के समय कार को रचित मध्यान चला रहा था, जो इसी कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखता है और कामधेनु स्वीट्स से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रचित हादसे के वक्त नशे में धुत था और गाड़ी बेहद तेज रफ्तार में चला रहा था। टक्कर के बाद जब भीड़ ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह गाड़ी के अंदर लॉक हो गया और बाहर निकलने से इनकार कर दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कार का दरवाजा खोलकर घायल रचित को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। जगुआर कार का एयरबैग नहीं खुलने के कारण रचित भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों में गुस्सा भी व्याप्त है कि अमीर घरानों के युवक नशे में गाड़ियों को हथियार बनाकर सड़कों पर दौड़ाते हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करे ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह हादसा दीपावली की खुशियों के बीच राजरूपपुर इलाके में मातम का माहौल छोड़ गया।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!