सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं सहायक आयुक्त औषधि मिर्जापुर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में नशीली दवाओं के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को ओबरा स्थित श्री श्याम फार्मा एवं श्रद्धा मेडिकल स्टोर पर औषधि निरीक्षक सोनभद्र की टीम ने छापेमारी कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध पाई गई चार दवाओं के नमूने एकत्र कर उन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। औषधि निरीक्षक ने बताया कि नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा बिना वैध डॉक्टर की पर्ची पर नशीली/नार्कोटिक दवाओं का विक्रय अथवा चिकित्सक उपयोग हेतु दिए गए फिजिशियन सैंपल की बिक्री पाए जाने पर, उसके विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









