सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) विंढमगंज थाना क्षेत्र में यूरिया खाद की कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धान की रोपाई के बाद खाद की मांग बढ़ी है, लेकिन सीमित स्टॉक और वितरण की अव्यवस्था से किसान निराश हैं। बुधवार सुबह हज़ारों किसान खाद लेने पहुँचे। भीड़ बढ़ने पर प्रशासनिक व्यवस्था बिगड़ गई। इसी दौरान लाइन में खड़े ग्रामीण लक्ष्मण मौर्य ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने एक महिला और युवक पर डंडा चला दिया, जिससे हालात बिगड़ गए। गुस्साए किसानों ने “प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे। अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम हट सका। वहीं मेदनीखाड़ लैम्पस में भी भगदड़ जैसी स्थिति रही। किसान लालमन प्रसाद ने कहा, 200 बोरी खाद आया है, जबकि किसान हज़ारों में हैं, ऐसे में अफरातफरी होना लाज़मी है। स्थिति संभालने पहुँचे सचिव नारायण पटेल भी भीड़ देखकर लौट गए। किसानों का आरोप है कि कई दिनों से वे खाद के लिए भटक रहे हैं और फसल को नुकसान हो रहा है। हालाँकि प्रशासन का दावा है कि सहकारी समितियों में खाद सीमित मात्रा में पहुँच रही है और अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी वितरण कराया जा रहा है।
Author: Pramod Gupta
Hello









